इराक़ के प्रधानमंत्री ने इस देश में आतंकवादियों को पकड़ने के लिए जासूसी अभियान चलाने की बात कही है।
हैदर अलएबादी ने बग़दाद में सैन्य अभियान केन्द्र के निरीक्षण के दौरान, राजधानी बग़दाद की सुरक्षा स्थिति और इस नगर में आतंकवादियों की कार्यवाहियों के बारे में सेना के कमांडरों से विचार-विमर्श किया। इस भेंटवार्ता में उन्होंने आतंकवादियों और उन लोगों को पकड़ने के लिए जासूसी अभियान चलाने की बात कही है जिन्होंने इराक़ की सुरक्षा को ख़तरे में डाल दिया है। इराक़ के प्रधानमंत्री ने इसी प्रकार इस भेंटवार्ता में देश के पश्चिमी प्रांत अलअंबार के फ़ल्लूजा और उसके निकटवर्ती क्षेत्रों की स्वतंत्रता और राजधानी में पलायनकर्ताओं की स्थिति के बारे में भी चर्चा की।
उल्लेखनीय है कि हालिया दिनों के दौरान इराक़ की राजधानी बग़दाद में कई बम विस्फोट हुए हैं जिसके परिणाम स्वरूप बड़ी संख्या में लोग हताहत और घायल हुए हैं।